सिरसा। रानियां से इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने वीरवार को गांव फूलकां में ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने अपने निजी कोष से ई-लाईब्रेरी में एक प्रिंटर व किताबें देने की घोषणा की।
विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि गांवों में लाइब्रेरी न होने के कारण युवाओं को शहर में जाना पड़ता था। इससे उन्हें आर्थिक व मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब ई-लाईब्रेरी के बनने से युवाओं को तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपने लक्ष्य की ओर ध्यान दें और अच्छे पदों पर जाकर अपने अभिभावकों व जिले का नाम रोशन करें। गोशाला के प्रधान रविंद्र कुलड़िया ने बताया कि ई-लाईब्रेरी में अभी 30 से 40 युवाओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। धीरे-धीरे व्यवस्था को और बढ़ाया जाएगा। ग्राम पंचायत की ओर से ई-लाइब्रेरी की सार-संभाल की जाएगी। युवाओं को भी सार-संभाल की जिम्मेदारी दी जाएगी, ताकि रखरखाव बेहतर तरीके से किया जा सके। इस मौके पर गांव के सरपंच कैलाश राठी, सत्यनारायण कुलड़िया, युवराज कुलडि़या, विशाल भाट युवा हलका अध्यक्ष सिरसा, भगवान सिंह कोटली जिलाध्यक्ष सिरसा, राकेश बांवरी आदि उपस्थित रहे।