बुलंदशहर में बंसल बीकानेर स्वीट्स पर आयकर विभाग की कार्रवाई सोमवार शाम समाप्त हो गई। करीब 28 घंटे चले सर्वे के दौरान टीम ने दुकानों, गोदाम और अन्य स्थानों की जांच की और कुछ दस्तावेज अपने साथ लेकर लौट गई।
बुलंदशहर के प्रसिद्ध बंसल बीकानेर स्वीट्स पर आयकर विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन सोमवार शाम समाप्त हो गई। इस दौरान आयकर विभाग की टीम कुछ दस्तावेज अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
विज्ञापन
आयकर विभाग की टीम ने रविवार दोपहर नगर के अंसारी रोड स्थित बंसल बीकानेर स्वीट्स की दोनों दुकानों, गोदाम और कालाआम स्थित दुकान पर एक साथ छापा मारा था। इस दौरान टीम ने दुकान में मौजूद कर्मचारियों को अंदर ही रोक लिया था। वहीं बाहर से किसी को भी अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। टीम के सदस्यों ने कर्मचारियों के मोबाइल समेत अन्य दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए थे। सोमवार शाम करीब पांच बजे टीम वापस लौट गई। करीब 28 घंटे तक आयकर विभाग की टीम ने सर्वे किया।
सूत्रों का कहना है कि टीम कुछ दस्तावेज अपने साथ लेकर गई है। उन दस्तावेजों में क्या गड़बड़ी है, इस बारे में आयकर विभाग के अधिकारियों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। जांच के दौरान लोगों को अंदर नहीं जाने दिया गया, जिसके चलते ग्राहक भी वापस लौट गए। बंसल बीकानेर स्वीट्स के संचालक शिवम बंसल ने बताया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच की गई है और अब टीम वापस चली गई है।