गांव कुड़वल बनारस निवासी श्रीपाल सिंह ने देहात कोतवाली में शनिवार को तहरीर दी। जिसमें बताया कि उनका 40 वर्षीय पुत्र रवि कुमार गांव के ही गेट के पास छोले-कुल्चे की रेहड़ी लगाकर अपना व परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी रेहड़ी के सामने ही गांव निवासी एक व्यक्ति सब्जी की दुकान करता है। गत चार सितंबर को आरोपी सब्जी विक्रेता ने उनके पुत्र की रेहड़ी से छोले-कुल्चे की एक प्लेट मंगाकर खाई थी, जिसके 30 रुपये उसने उधार कर दिए थे।
पांच सितंबर यानि शुक्रवार की सुबह उनके पुत्र रवि ने आरोपी से छोले-कुल्चे के अपने 30 रुपये मांगे। जिस पर आरोपी भड़क गया और गाली गलौच करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अपने दोनों पुत्रों को भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने रवि पर जान से मारने की नियत से लाठी-डंडो से हमला कर घायल कर दिया।
शोर शराबा होने पर रवि के परिजन भी मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा, उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान गांव के कुछ लोगों के बीच बचाव के बाद आरोपी मौके से हटे। आरोप है कि आरोपियों ने रवि को सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां, भी देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और परिजनों ने उन्हें दिल्ली रोड स्थित एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, शनिवार सुबह करीब नौ बजे रवि की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा और परिजनेां को आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शनिवार शाम तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका था।
मामले में तहरीर मिल गई है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की बात भी बताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। -ऋजुल कुमार, एएसपी नगर