मोहल्ला नागरशैली में बृहस्पतिवार रात एक मकान में आग लग गई। चारों ओर से आग से घिरने पर मकान में रहने वाले लोगों ने बॉगनविलिया फूल के पौधे के सहारे घर से बाहर निकल कर अपनी जान बचाई।
नानकचंद लोधी उर्फ पप्पू ताऊ हलवाई के घर में बृहस्पतिवार रात करीब 12.30 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। नानकचंद के घर में मौजूद सभी सदस्य आग में फंस गए। चारों तरफ से खुद को आग से घिरता देख परिजन घर में लगे बॉगनविलिया फूल के पौधे के सहारे घर से सुरक्षित बाहर निकल गए।
वहीं, आग से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। मोहल्ले के लोग फायर ब्रिगेड को सूचना देकर आग बुझाने में जुट गए। सभी मोहल्लेवासी अपने-अपने घर के सबमर्सिबल से पाइप के सहारे आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद लोग आग बुझाने में कामयाब रहे।
वहीं, आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। पीड़ित नानकचंद ने बताया कि आग से घर का सारा सामान जल गया, जिससे उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे कोतवाल उदयवीर सिंह बालियान ने बताया कि मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची थी, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।