बुलंदशहर। व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की कमी से जूझ रहे होटल, रेस्तरां व अन्य के लिए राहत भरी खबर है। जिस क्षेत्र में पीएनजी की व्यवस्था है वहां उन्हें कनेक्शन देकर जोड़ा जाएगा। वहीं, दूसरी ओर 20 फीसदी कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई मिलना शुरू हो गई है। साथ ही जिला आपूर्ति कार्यालय से भेजी जा रही डिमांड पर भी आपूर्ति मिल रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि जिले में कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई बंद हो गई थी। इसके लिए सरकार व पेट्रो कंपनियों ने होटल, रेस्तरां व अन्य कारोबार करने वालों को पीएनजी कनेक्शन देने की पहल की है। इसके तहत अभी उस क्षेत्र के होटल व रेस्तरां आदि संचालक पीएनजी का कनेक्शन ले सकते हैं, जहां पर पहले से ही पीएनजी की सप्लाई हो रही है। इसके बाद जल्द ही सभी स्थानों पर पीएनजी की सप्लाई कर राहत दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पेट्रो कंपनियों की ओर से 20 फीसदी कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई शुरू हो गई है। विभाग की ओर से कॉमर्शियल की डिमांड मिलने पर उसे पेट्रो कंपनी को भेजा जा रहा है। इस पर उन्हें सप्लाई मिलने से राहत मिल रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक दो-दिन में 50 फीसदी से अधिक कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई सुचारू हो जाएगी।