आज से जिला अस्पताल में नेत्र और ईएनटी की ओपीडी शुरू
बुलंदशहर। ब्लैक फंगस के बढ़ते मामलों को देख शासन ने जिला स्तरीय अस्पतालों में नेत्र और ईएनटी की ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार से ओपीडी सेवा शुरू हो जाएगी। जिला अस्पताल में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक नेत्र एवं ईएनटी रोगी अपनी जांच करा सकेंगे। वहीं, जनपद के समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी सेवा जारी रहेगी उसे अभी बंद नहीं रखा गया है।
कोरोना संक्रमण बढ़ने पर शासन के निर्देश पर ओपीडी सेवा बंद कर दी गई थी। कोरोना संक्रमित के ठीक होने के बाद ब्लैक फंगस की चपेट में आने पर शासन ने नेत्र और ईएनटी की ओपीडी कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए संचालन के निर्देश दिए हैं। जिससे फंगस के संभावित मरीज अपनी जांच करा सकें। क्योंकि शुरूआत में मरीज को मेडिसिन के माध्यम से ठीक किया जा सकता हैं। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार अमित मोहन प्रसाद द्वारा आदेश जारी कर दिया हैं। अपर मुख्य सचिव का आदेश प्राप्त होने पर अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी शुरू करने की तैयारी कर ली हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजीव प्रसाद ने बताया कि सोमवार से नेत्र रोग और ईएनटी की ओपीडी शुरू कर दी जाएगी। ओपीडी में आने वाले मरीजों में ब्लैक फंगस के लक्षणों की जांच कर उपचार दिया जाएगा।
नहीं है जांच की सुविधा
ब्लैक फंगस की जांच व इलाज की सुविधा अभी जनपद में नहीं है। पहली स्टेज पर संभावित मरीज को दवाइयों के माध्यम से इलाज किया जाएगा। गंभीर स्थिति होने पर हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी सेवा चालू है। जिला अस्पताल में सोमवार से केवल नेत्र और ईएनटी की ओपीडी सेवा शुरू होगी। - डॉ. भवतोष शंखधर, सीएमओ