बुलंदशहर के अनूपशहर कस्बे में अलीगढ़ व बुलंदशहर रोड पर लोग कई घंटों से भारी जाम में फंसे हुए हैं। घंटों पहले से लगा यह लंबा जाम रास्ते से आने-जाने वालों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। लोग अपनी जगह से हिल नहीं पा रहे हैं। न तो वे अपने गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं और न ही वापस लौट पा रहे हैं। यह जाम गुरु पूर्णिमा के स्नान के चलते लगा है।
इस भयंकर जाम से इलाके की पूरी यातायात व्यवस्था बाधित हो गई है। जाम में फंसे हुए लोगों में बड़ी संख्या श्रद्धालुओं की भी है ,जो गुरुपुर्णिमा के दिन गंगास्नान व आश्रमों में गुरु पूजन को आ रहे हैं। ऐसे में इन श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि ऐसे भीषण जाम में लोगों की मदद के लिए पर्याप्त पुलिस फोर्स भी मौजूद नहीं है। इसलिए धीरे-धीरे आम लोग भी अपनी गाड़ियों से निकल कर जाम खुलवाने के प्रयास में लग गए हैं।