छतारी। थाना परिसर में गर्मी से बेहोश हुए बंदर की जान बचाने वाले हेड कांस्टेबल विकास तोमर को स्थानीय लोगोंं ने सम्मानित किया। लोगोंं ने उनके साहस और मानवता के कार्य की सराहना की। झुंड से बचते हुए बंदर के बच्चे की रक्षा की।
बजरंग दल के राष्ट्रीय पदाधिकारी गोपाल हिंदू ने बताया कि थाना परिसर में कुछ दिन पूर्व बंदरों का झुंड पेड़ पर बैठा हुआ था। तपती धूप और लू के कारण एक बंदर का बच्चा बेहोश होकर पेड़ से नीचे गिर गया था। तभी थाने में मौजूद हेड कांस्टेबल विकास तोमर वहां पहुंचे। बंदर को गोद में उठाकर पेड़ के नीचे लेटाया।
बंदर के बच्चे को हर्ड पंपिंग की और ठंडा पानी पिलाया। उस दौरान बंदरों का झुंड पर उन पर हमला करने को तैयार था लेकिन, वह बेखौफ बच्चे को बचाने में जुटे रहे। कुछ देर बाद बच्चा होश में आया तो उसका ठंडे पानी से स्नान कराके छोड़ दिया। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही, जिस पर लोग उनकी काफी सराहना कर रहे हैं। सम्मानित करने में परवेंद देशवाल, पुष्पेंद्र लोधी, राजकुमार बघेल, मंयक चौधरी, जीतू लोधी और थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।