जिला अस्पताल में एक बेड पर भर्ती दो-दो मरीज।
- फोटो : ब्यूरो
कस्बे के मोहल्ला आजाद रोड निवासी बुखार से पीड़ित एक युवक की दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसे मिलाकर जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या 129 तक पहुंच गई है।
आजादपुर रोड निवासी इमरान (26) पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। पहले तो परिजन कस्बे में उसका इलाज कराते रहे, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उसे दिल्ली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बुधवार सुबह इमरान की मौत हो गई।
मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, सीएमओ ने मौत की जानकारी से इंकार करते हुए जांच की बात कही है।
झाझर के किशोर को हुआ डेंगू
जिले में बुखार का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सिकंदराबाद तहसील के झाझर में एक किशोर डेंगू से पीड़ित पाया गया। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। झाझर कस्बा निवासी खैर मोहम्मद के 15 वर्षीय बेटे तरीश खान को डेंगू हुआ है। पिता ने बताया कि लैब में जांच के बाद डॉक्टरों ने डेंगू होने की पुष्टि की है।
तरीश को कई दिन से बुखार आ रहा था। उधर, प्रधानपति जमील खां ने बताया कि गांव में बुखार के प्रकोप को देखते हुए दवा का छिड़काव कराया गया है। दवा के छिड़काव से झाझर में मच्छरों का प्रकोप कम होगा।