जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये कीमत का वायरिंग का सामान और निर्माण कार्य में प्रयुक्त मशीनें चोरी कर लीं। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गांव सांखनी निवासी दिलीप सक्सेना अहार बाईपास पर किराना की दुकान चलाते हैं। उनका मोहल्ला मैमरान में नया मकान बन रहा है। मंगलवार रात अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखा वायरिंग के तार के चार बंडल, ग्राइंडर मशीन, तार कटर समेत मिस्त्री के अन्य उपकरण व निर्माण सामग्री चोरी कर ले गए।
बुधवार सुबह दिलीप निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे तो ताला टूटा मिला और सामान वहां नहीं था। इसके बाद उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी। सीओ भरत सिंह सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।