ऊंचागांव। थाना नरसेना क्षेत्र के गांव बसी बांगर निवासी ने थाना प्रभारी पर लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता का आरोप लगाया है। मामले में एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
गांव बसी बांगर निवासी रिजवान खां ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि उनके यहां आरिफ मजदूरी करता था। पांच जुलाई को आरिफ की राजपाल के खेत पर लगी झटका मशीन के करंट लगने से मौत हो गई थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी। उस समय पुलिस बल ने मौके पर जाकर पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया था। उस समय परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कराई।
आरोप है कि घटना के कुछ दिन बाद मृतक का भाई उनके पास आया और जबरन पांच लाख रुपये की मांग करने लगा। पैसे न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। आरोप लगाया कि इसके बाद उसने थाना नरसेना के थानाध्यक्ष के साथ मिलकर उसे फंसाने की साजिश रची।
मंगलवार की रात करीब आठ बजे जब रिजवान घर पर नहीं था, तो थानाध्यक्ष पुलिसकर्मियों के साथ घर में घुसे। उन्होंने घर की महिलाओं से धक्का-मुक्की, गाली गलौज की और सामान तोड़ दिया।
साथ ही धमकी दी कि पांच लाख रुपये न देने पर झूठे केस में जेल भेज देंगे। एसएसपी से मृतक के भाई और थानाध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। थानाध्यक्ष रामकिशोर गौतम का कहना है कि घर घुसकर अभद्रता करने का लगाये गये आरोप निराधार हैं। एसएसपी के आदेश पर ही गांव में जांच के लिए गए थे।