गुलावठी। छुट्टा पशुओं की तलाश में घूम रहे बाइक सवार गोकश गैंगस्टर चीना और मुर्गा से देर रात गुलावठी थाना पुलिस की मुठभेड़ हुई। इसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाशों के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, बाइक और पशु काटन के औजार बरामद हुए हैं।
सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि पुलिस द्वारा क्षेत्र के गांव मोहना में आईटीआई कॉलेज के पास संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो वह गांव ईशेपुर की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा बदमाशों का पीछा कर घेराबंदी की गई तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान यूनुस उर्फ चीना, निवासी गांव बड़ौदा सिहानी, थाना हाफिजपुर, जिला हापुड़ व जावेद उर्फ एजाज उर्फ मुर्गा निवासी बहेरिया, थाना फाफामऊ, जिला इलाहाबाद व हाल निवासी ताज बाग कॉलोनी, थाना क्वार्सी, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। सीओ ने बताया कि बदमाश शातिर किस्म के गोकश हैं, जो आवारा पशुओं को काटने की तलाश में घूम रहे थे। दोनों पर गोकशी व अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।