ऊंचागांव। थाना नरसेना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक की सगाई के अगले ही दिन (बुधवार) को उसकी प्रेमिका पुलिस के साथ घर पहुंच गई। हंगामा के बाद पुलिस प्रेमी और उसके परिजनों को थाने ले गई।
थाना नरसेना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की मंगलवार को सगाई की रस्म अदा की गई थी। बुधवार को प्रेमी की सगाई की भनक लगते ही उसकी प्रेमिका थाना गढ़ पहुंची और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। युवती ने पुलिस को बताया कि युवक से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शिकायत मिलते ही गढ़ पुलिस हरकत में आई और शाम के समय नरसेना पुलिस को साथ लेकर प्रेमी के घर दबिश दी। पुलिस टीम प्रेमी युवक सहित उसके परिजनों को अपने साथ थाना नरसेना ले आई। पुलिस का कहना है कि मामला हापुड़ जिले का है और गढ़ पुलिस आई थी। इसके बाद पुलिस आरोपी युवक को अपने साथ ले गई है। आगे की कार्रवाई वहीं से की जाएगी।