सिकंदराबाद। नगर हाईवे पर ईदगाह के सामने रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार नगर के टुक्कीमल की बगीची निवासी निकिता (22वर्ष) की मौत हो गई। वहीं मोहल्ला सराय झाझन निवासी गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निकिता जेवर रोड स्थित अस्पताल में नौकरी करती थी। चार बहनों में वह दूसरे नंबर पर थी। उसके पिता औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में नौकरी करते हैं। शनिवार की सुबह करीब 10.30 बजे किसी कार्य से नगर के मोहल्ला सराय झाझन निवासी गोविंद (24वर्ष) के साथ बाइक से कहीं जा रही थी। नगर हाईवे पर ईदगाह के सामने गाजियाबाद की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने दोनों को निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने निकिता को मृत घोषित कर दिया। गोविंद का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। गोविंद औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी करता है। कोतवाल रवि रतन सिंह ने बताया कि रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है। जांच की जा रही है।