निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शनिवार शाम छह बजे चोला फाटक पर रोड ट्रैफिक चालू कर दिया जाएगा। इससे राहगीरों को डायवर्जन से होने वाली दिक्कतों से राहत मिल जाएगी। उधर निर्माण कार्य के चलते शुक्रवार को फाटक से ट्रेनों को कॉशन पर गुजारा गया।
चोला फाटक बंद होने के कारण फाटक से कुछ दूरी पर बनी एक पुलिया बाइक सवारों केलिए सहारा बनी हुई है। हालांकि इस पुलिया से वाइक सवार निकल तो जाते हैं। मगर, उन्हें परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। क्योंकि पुलिया पार करने से पहले और बाद में खेतों से होकर बाइक निकालकर बुलंदशहर-ककोड़ मार्ग पकड़ना पड़ रहा है।
वहीं भारी वाहनों को चोला चौराहा और ककोड़ चौराहे पर रोका जा रहा है। हलके वाहनों का आवागमन निर्धारित किए गए मार्गों से जारी है मगर, सबसे अधिक परेशानी फाटक से बुलंदशहर की ओर पड़ने वाले गांव खानपुर, खबरा, नगला बसं, चोला, कादिलपुर, दाऊदपुर, शेरपुर, गांगरौल और फतेहपुर जादो और फाटक से ककोड़ की ओर गांव शेरपुर, दस्तूरा, धनौरा, ककोड, सेदमपुर, भोपतपुर, चागोली, बीछट, महमदपुर और अख्तयारपुर आदि के ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि चोला फाटक से दिल्ली और अलीगढ़ की ओर से ट्रेनों की बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है। चूंकि इस समय फाटक पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते फाटक बंद कर दिया गया है। शुक्रवार को फाटक पर पहुंचते ही राजधानी, एचएडी, महानंद, कालका मेल, पीएडी, एटीडी, गरीब रथ, शताब्दी और अलीगढ़ पैंसजर सहित अन्य ट्रेनों को कॉशन पर निकाला गया।