डिबाई। दिवाली के त्योहार से पहले क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को पाइप लाइन से गैस की सप्लाई देने की तैयारी है। योजना के तहत फिलहाल करीब छह कॉलोनियों में पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में 1200 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन के लिए पंजीकरण भी किए जा चुके हैं।
क्षेत्र में लोगों को पाइप लाइन से पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की सप्लाई देने के लिए कार्य किया जा रहा है। योजना के तहत क्षेत्र के 50 हजार से अधिक लोगों के घरों में गैस कनेक्शन देने की तैयारी है। फिलहाल कार्यदायी संस्था की ओर से क्षेत्र की छह कालोनियों में पाइप लाइन बिछाने के लिए कार्य किया जा रहा है। जबकि नगर के सराय किशन चंद्र, रेलवे रोड, धर्मपुर मार्ग, मोहल्ला महादेव, मोहल्ला भाटिया पेच में कनेक्शन के लिए पहले ही 1200 से अधिक पंजीकरण किए जा चुके हैं। आईओएजीपीएल (इंडियन ऑयल अडानी गैस) के एरिया हेड अलीगढ़ आलोक गिरी ने बताया कि पहले चरण में क्षेत्र में करीब पांच करोड़ की लागत से 10 किमी पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है।
चार माह में शिकारपुर में पहुंचेगी सप्लाई
शिकारपुर कस्बे में पाइप लाइन से गैस की सप्लाई देने के लिए तेज गति से काम चल रहा है। बुलंदशहर के शिकारपुर तिराहे से होकर शिकारपुर नगरीय क्षेत्र तक पाइप लाइन बिछाई जा रही है। दो चरणों में किए जाने वाले कार्य के पहले चरण को अगले चार माह में पूरा करने की तैयारी है। क्षेत्र में कुल 26 किमी गैस पाइप लाइन बिछाने का काम किया जाना है। इसके बाद उपभोक्ताओं के घरों में कनेक्शन जारी किए जाएंगे।