फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: जुलाई में चालू होगा गंगा पुल, काली नदी पुल का दिसंबर तक पूरा होगा निर्माण

विज्ञापन
माली की मढैया में गंगा पर निर्माणाधीन पुल। संवाद
विज्ञापन
बुलंदशहर/ऊंचागांव। माली की मढैया में गंगा नदी पर पुल की सौगात मिलने के लिए लोगों को जुलाई तक का इंतजार करना होगा। पुल का बीम गिरने के बाद अभी तक निर्माण कार्य की गति अपेक्षित नहीं बढ़ाई गई है। जिसके चलते अभी भी साइट पर करीब 25 फीसदी काम शेष है। वहीं, शहर के मुख्य बाईपास स्थित काली नदी पर निर्माणाधीन पुल की रफ्तार भी काफी धीमी है। जिसके चलते जाम से लोगों को परेशानी हो रही है। अधिकारियों के बार-बार पत्राचार के बाद भी निर्माण की गति नहीं बढ़ पाई है।
विज्ञापन


2021 में शासन ने ऊंचागांव के माली की मढैया से अमरोहा को जोड़ने के लिए गंगा नदी पर एक किमी लंबा पुल बनाने के लिए 83 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी थी। निर्माण कार्य आधा से अधिक हो चुका था। मई 2024 में निर्माण के दौरान पुल के तीन बीम गिर गए थे। जांच में पता चला कि सामानों की गुणवत्ता काफी खराब है। प्रकरण में कार्यदायी संस्था के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए सेतु निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी।
अब दोबारा से पुल का निर्माण शुरू करते हुए अधिकारियों ने गिरे दो बीम का निर्माण पूरा करा दिया है। जबकि तीसरे बीम का निर्माण बुधवार को पूरा कराने के लिए अधिकारी तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मार्च 2025 तक पुल का पूरा निर्माण करने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि अप्रोच रोड को जून तक पूरा किया जाएगा। ऐसे में लोगों को जुलाई से पुल की सौगात मिलने की संभावना है।
विज्ञापन


गिरे स्पैन के निर्माण में बरती जा रही सावधानी
गंगा नदी पर निर्माण के दौरान मई 2024 में तीन बीम गिर गए थे। अब सेतु निगम के अधिकारी इस स्पैन में बीम के निर्माण में अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक अभी तक बनाए गए दोनों बीम के निर्माण का सैंपल लेकर जांच कराई गई है। जांच रिपोर्ट अपेक्षित आने के बाद ही अधिकारियों ने अब तीसरे बीम डालने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके बाद अमरोहा की ओर डाउन साइड में शेष करीब 15 फीसदी काम पूरा किया जाएगा।

काली नदी पुल के निर्माण की गति धीमी
शहर के मुख्य बाईपास के चौड़ीकरण के लिए काली नदी पर दूसरा पुल बनाया जा रहा है। पूरे कार्य पर करीब 57 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण की गति धीमी होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। बताया जा रहा है कि निर्माण पूरा करने के लिए दिसंबर 2025 तक का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन पिछले छह माह में केवल 20 फीसदी काम पूरा हुआ है। मुख्य बाईपास पर वाहनों का दबाव अधिक होने और चौड़ीकरण के लिए सड़क की खुदाई होने के बाद अब जाम से लोगों को परेशानी हो रही है।


गंगा पर निर्माणाधीन पुल का कार्य मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। अप्रोच रोड का कार्य जून तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। काली नदी पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया था। दिसंबर 2025 तक इसका निर्माण भी पूरा कर लिया जाएगा। दोनों पुल का समय-समय पर गुणवत्ता जांच की जा रही है। - संदीप गुप्ता, प्रबंधक, सेतु निगम
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें