चौकी पुलिस ने पिछले करीब नौ वर्ष से फरार चल रहे अपहरण के आरोपी जगमोहन निवासी गांव हाजीपुर को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध असलहा भी बरामद किया है।
चौकी पुलिस बुधवार सुबह बुगरासी क्षेत्र के बुगरासी-स्याना रोड स्थित केला मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान थाना सिंभावली के गांव हाजीपुर निवासी जगमोहन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना सिंभावली के गांव हाजीपुर निवासी जगमोहन पर वर्ष 2003 से लेकर अब तक पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2003 में थाना गाजियाबाद में जान से मारने की धमकी देने और अवैध असलहा बरामद होने पर दो मुकदमे दर्ज हैं।
इनके अतिरिक्त वर्ष 2014 व 2016 में दो मुकदमे नरसेना में भी दर्ज हैं। वर्ष 2016 में जगमोहन के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि जगमोहन वर्ष 2016 से फरार चल रहा था।