बुलंदशहर। बहलीमपुरा के कृष्णपाल हत्याकांड की जांच अब उनकी पत्नी के मोबाइल फोन तक पहुंच गई है। पति की तौलिए से गला घोंटकर हत्या करने की आरोपी पत्नी प्रीति का मोबाइल फोन विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया। पुलिस डिलीट की गई सोशल मीडिया चैट, वॉयस रिकॉर्डिंग और अन्य डेटा रिकवर कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, प्रीति की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) में एक युवक से लंबी बातचीत के संकेत मिले हैं। मृतक के परिजनों ने भी प्रीति पर अवैध संबंधों के कारण कृष्णपाल की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस अब युवक के साथ प्रीति के संबंधों व हत्या में उसकी भूमिका पता कर रही है।
बहलीमपुरा निवासी किसान कृष्णपाल (36) की 24 अगस्त की रात घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। प्रीति ने इसे स्वाभाविक मौत बताया था और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी।
रिश्तेदारों को कृष्णपाल के गले पर निशान दिखे, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।
कृष्णपाल की मां अंगूरी देवी की तहरीर पर प्रीति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में प्रीति ने पति की हत्या स्वीकार की और हत्या में प्रयुक्त तौलिया बरामद हुआ। प्रीति ने प्रताड़ना से तंग आकर हत्या करने की बात कही थी।