पहासू। थाना क्षेत्र के अटेरना गांव में 18 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। पिता मुकेश ने बताया कि उनका बड़ा बेटा गौतम 12वीं की पढ़ाई के बाद उनके साथ खेती में मदद करता था। मुकेश ने बताया कि बुधवार रात भोजन के बाद परिवार के सभी लोग सो गए थे। बृहस्पतिवार सुबह गौतम कमरे से बाहर नहीं आया। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे परिजनों ने जबरन खोला। अंदर गौतम का शव पंखे पर लगे फंदे से लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी के अनुसार प्राथमिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।