ऊंचागांव। थाना नरसेना क्षेत्र के एक गांव निवासी बीए की छात्रा को शादी का झांसा देकर एक फौजी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया। उसके विरोध करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना नरसेना क्षेत्र के एक गांव निवासी बीए की छात्रा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गत वर्ष थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव निवासी युवक से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक से दोस्ती होने के बाद उसने पीड़िता को गांव अमरगढ़ में स्थित एक पिज्जा की दुकान पर बुलाया और खुद को एक फौजी बताते हुए प्यार का इजहार किया और शादी करने का वादा कर लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे स्याना के एक होटल में लेकर गया और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि कई बार आरोपी ने जहांगीराबाद, औरंगाबाद के होटलों में ले जाकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
जब आरोपी से शादी के लिए बात की तो आरोपी ने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद आरोपी के पिता, मां और भाई से शिकायत की। जिस पर आरोपियों ने फरवरी माह में शादी की बात कही। इसके बाद फोनकर उसे जहांगीराबाद बुलाया गया और शादी से इन्कार कर दिया। जब इसका विरोध किया तो उसके साथ आए दोस्तों व भाई ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रोबिन, रोहित राघव, चीनू जाट, विशाल राघव, लक्ष्मण और रोबिन की मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।