दो साल से पैक रखे हैं खाद्य सुरक्षा विभाग को मिले 20 लाख के फ्रीजर
बुलंदशहर। खाद्य पदार्थों के सैंपलों को सुरक्षित रखने के लिए मिले फ्रीजर करीब दो वर्ष बाद भी गत्तों में पैक रखे हुए हैं। इनके चालू न होने से खाद्य पदार्थों के सैंपल खराब हो रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा भरे जाने वाले सैंपलों को सुरक्षित रखने के लिए शासन की ओर से चार फ्रीजर भेजे गए थे। करीब 20 लाख की लागत आई थी। मिले हुए दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक एक बार भी इस्तेमाल नहीं किया गया। फ्रीजर की जैसी डिलीवरी हुई थी, आज भी खाद्य सुरक्षा विभाग के कार्यालय में उसी तरह रखे हुए हैं। इनका इस्तेमाल न होने से भीषण गर्मी में लिए जाने वाले विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल रखे-रखे ही खराब हो जाते हैं। इसके बाद लैब में यह सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं और इसका खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। दरअसल, जिस भवन में खाद्य सुरक्षा विभाग का कार्यालय संचालित किया जा रहा है, वह जर्जर हो चुका है। उसमें इतनी जगह भी नहीं है, जिसमें फ्रीजर रखा जा सके।
प्रतिमाह औसतन भरे जाते हैं 300 सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक प्रतिमाह औसतन 300 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे जाते हैं। सैंपल भरने के बाद इन सैंपलों को एक या दो दिन का समय लैब भेजने में लग जाता है। ऐसे में बिना फ्रीजर के आइसक्रीम, दूध, पनीर, दही, खोया, मिठाई के सैंपल खराब हो जाते हैं।
फ्रीजर काफी समय पहले प्राप्त हुए थे। जगह की कमी के कारण अभी तक चालू नहीं हुए हैं। कई बार अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्यालय दूसरी जगह शिफ्ट कर अतिरिक्त स्पेस की मांग की गई है। - गौरीशंकर, डीओ, खाद्य सुरक्षा विभाग