बुलंदशहर। कार खरीदने के लिए ऋण मंजूर कराने के नाम पर 95 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर की यमुनापुरम कालोनी निवासी अजीत ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि चार जून को उन्होंने अपनी पत्नी मोनी चौधरी के नाम पर कार खरीदने के लिए 11 हजार रुपये देकर बुकिंग कराई थी। इसके बाद शोरूम कर्मचारियों ने बताया कि उनके नाम पर लोन यहां से नहीं हो सकता है और उन्होंने एक अन्य शोरूम पर काम करने वाले महेंद्र प्रताप के बारे में जानकारी देते हुए फोन नंबर उपलब्ध कराया। आरोप है कि आरोपी ने लोन कराने के लिए 10 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद आरोपी ने बैंक खाते की पासबुक, चार चेक, एटीएम कार्ड का सीवीवी नंबर ले लिया। इसके कुछ दिन बाद आरोपी ने कहा कि उनकी पत्नी का सिविल स्कोर खराब है, इसके चलते लोन प्रक्रिया में परेशानी आ रही है।
इसके बाद आरोपी ने सिविल प्रक्रिया को ठीक कराने के लिए 25 जून को 50 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए और कहा कि जल्द ही लोन करा दिया जाएगा। इसके बाद 29 जून की सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसकी पत्नी के खाते से अचानक 95 हजार रुपये कट गए। जब आरोपी से संपर्क किया तो उसने कहा कि लोन नहीं हो सकेगा और खाते में 61 हजार रुपये की धनराशि वापस कर दी। आरोप लगाया कि आरोपी महेंद्र प्रताप सिंह ने धमकी दी कि अब दोबारा रुपयों के लिए फोन मत करना। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। पीड़ित से बैंक ट्रांजेक्शन की जानकारी मांगी गई है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।