बुलंदशहर। मर्चेंट नेवी में नौकरी के नाम पर एक युवक से साढ़े पांच लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि नौकरी न लगने के बाद आरोपी से जब रुपये मांगो तो उसने जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव दौलतगढ़ निवासी विनोद ने कोतवाली देहात पुलिस को शिकायत दी। बताया कि उनका बेटा आकाश सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा है। इसके लिए वह प्रतिदिन आवास विकास स्थित टांडा स्टेडियम में जाता था। इसी दौरान स्टेडियम में उसकी मुलाकात आवास विकास निवासी आर्यन उर्फ बरगल से हुई। आरोप है कि आर्यन ने उनके बेटे से कहा कि उसका मर्चेंट नेवी में चयन हो गया है और साढ़े पांच लाख रुपये में वह उसकी भी नौकरी लगवा देगा।
आरोपी की बातों पर विश्वास करके 10 जुलाई 2024 को उन्होंने आकाश को साढ़े तीन लाख रुपये दे दिए। इसके बाद 13 जनवरी को आकाश ने भी आरोपी के खाते में ऑनलाइन 50 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। इस प्रकार आरोपी को कई बार में कुल साढ़े पांच लाख रुपये दिए गए। इसके बाद आरोपी ने जल्द ही ज्वाइनिंग लेटर दिलाने की बात कही।
काफी समय तक जब ज्वाइनिंग लेटर नहीं मिला तो उन्होंने आरोपी को फोन किया लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद एक दिन आरोपी से मुलाकात हुई तो उन्होंने रुपये मांगे, जिस पर आरोपी ने अभद्रता करते हुए धमकी दी।
जानकारी हुई कि आरोपी कई अन्य लोगों से भी नौकरी के नाम पर धनराशि ऐंठ चुका है। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एएसपी ऋजुल ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।