शिकारपुर। बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे एक बाइक सवार बुजुर्ग की जेब से बाइक सवार दो युवकों ने 30 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी फूल सिंह सैनी ने बताया कि वह कोतवाली के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 30 हजार रुपये की नकदी निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह बैंक से कुछ दूर पहुंचे तो एक बाइक सवार दो युवकों ने उनकी बाइक के आगे बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि उन्होंने टक्कर मारकर चोट पहुंचाई है। जिसके बाद बुजुर्ग ने माफी मांगी। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने उन्हें बातों में फंसा लिया और दूसरे ने जेब में रखी धनराशि निकाल ली। कुछ दूर चलने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। सीओ शिव ठाकुर ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद