रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर चार लाख की ठगी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवक की रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनके परिचितों ने ही चार लाख रुपये की ठगी कर ली। कई माह तक नौकरी न लगने पर पीड़ित पक्ष ने रुपये वापस मांगे तो उनसे अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नगर के भूड़ क्षेत्र निवासी राजीव ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उनके घर पर गाजियाबाद स्थित साहिबाबाद क्षेत्र के एक दंपति समेत तीन लोगों का आना-जाना था। दिसंबर 2020 में तीनों आरोपियों ने उनके परिजनों को झांसा दिया कि उनकी रेलवे में उच्च अधिकारियों से जान-पहचान है और वह उनकी चतुर्थ श्रेणी के पद पर नौकरी लगवा देंगे। इसके एवज में पांच लाख रुपये की मांग की गई। युवक के परिजनों ने आरोपियों की बातों में आकर चार लाख रुपये बतौर एडवांस दे दिए, जबकि शेष रकम नियुक्ति पत्र मिलने के बाद देना तय हुआ। पीड़ित पक्ष के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने जल्द नौकरी लगने का आश्वासन दिया। वहीं, अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर के बाद से आरोपियों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया है। बीते दिनों साहिबाबाद जाकर आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उनके द्वारा अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।