सिकंदराबाद (बुलंदशहर)। औद्योगिक क्षेत्र स्थित शीतला वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट फैक्टरी में गत रविवार की शाम आग की चपेट में आने से झुलसे चार कर्मियों की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में पांच कर्मी गंभीर रूप से झुल गए थे। जिनका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार चल रहा था। कर्मियों की मौत से उनके परिवार में मातम छा गया है।
आग की चपेट में आने से मुरली (22), लक्की (22),उमेश (24),साहिल (22) और विक्रम (28) गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को उपचार के लिए नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
एसएसपी दिनेश सिंह ने बताया कि उपचार के दौरान शुक्रवार को भानपुर बरेला थाना बरोल जनपद वैशाली बिहार निवासी विक्रम यादव, सलेमपुर देवरिया निवासी लक्की, झंडापुर थाना साहिबाबाद गाजियाबाद निवासी उमेश, मोतीपुर मुआल देवरिया निवासी मुरली की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं साहिल की हालत गंभीर बनी हुई है।
फैक्ट्री में आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचे सीएफओ प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया था कि फैक्टरी में वेस्टेज को रिसाइक्लिंग करने का काम किया जाता था। शाम के समय कुछ कर्मी ज्वलनशीन पदार्थ की बोतलों को तोड़ने का कार्य कर रहे थे। इससे जमीन पर ज्वलनशीन पदार्थ (केमिकल) फैला हुआ था।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए पास में ही एक कर्मचारी वेल्डिंग का कार्य कर रहा था। वेल्डिंग की चिंगारी से जमीन पर फैले ज्वलनशील पदार्थ में आग लग गई। केमिकल के कारण आग अचानक से भड़क उठी और बोतलों को तोड़ने का कार्य कर रहे कर्मियों को अपना बचाव करने का मौका नहीं मिला। दमकल की आठ गाड़ियों को आग पर काबू पाने में चार घंटे लगे थे।