बुलंदशहर। चित्सौन बिजलीघर में तैनात जेई को विभागीय कार्यों में लापरवाही और 10 केवीए के ट्रांसफार्मर को अवैध रूप से स्थानांतरित करने के मामले में दोषी पाए जाने पर निलंबित किया गया है। कार्रवाई के बाद जेई को डिबाई खंड कार्यालय से संबद्ध किया गया है। अधीक्षण अभियंता शिशिर कुमार चाही ने बताया कि अवर अभियंता विजय शंकर के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। लोगों का आरोप था कि राजस्व वसूली, झटपट पोर्टल के प्रकरणों को समय से निस्तारित नहीं कर रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी। साथ ही वह निजी वाहन पर लाल बत्ती और हूटर लगाकर चलते हैं। उपखंड अधिकारी के निर्देश पर भी अवर अभियंता ने साइट से सामग्री चोरी होने की रिपोर्ट नहीं कराई थी। गांव अच्छेजा घाट में 10 केवीए के ट्रांसफार्मर को अवैध रूप से स्थानांतरित कर दिया था। जांच में वह दोषी पाए जाने पर उन पर कार्रवाई की गई है।