सिकंदराबाद। जल जीवन मिशन योजना के तहत गांवों में पेयजल लाइन बिछाने के लिए प्रयुक्त पाइप की चोरी के मामले में गिरफ्तार भाकियू ऑल इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष आबिद अली को कोर्ट से जमानत मिल गई, जबकि चार अन्य आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
गांव बंचावली में हर घर पेयजल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। कार्यदायी संस्था के पदाधिकारियों ने दो लाख रुपये से अधिक कीमत के पाइप चोरी किए जाने के मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चोला और सिकंदराबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भाकियू ऑल इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष आबिद अली की प्लास्टिक दाना फैक्टरी पर कार्रवाई करते हुए चोरी के पाइप समेत अन्य सामान बरामद किया था। साथ ही मौके से गांव हरचंदपुर कोतवाली नगर निवासी पिंकी, गांव ततारपुर निवासी राहुल, गांव कलौंदा जनपद गौतमबुद्धनगर निवासी सगीर, सिकंदराबाद के छासियावाड़ा निवासी अब्दुल कदीर को गिरफ्तार किया था। पांचों आरोपियों को सोमवार शाम पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जिस पर कोर्ट ने सुनवाई करते हुए भाकियू ऑल इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष आबिद अली को जमानत दे दी, जबकि चारों अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया।