चोला क्षेत्र के गांगरौल स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे बुधवार सुबह एक युवक बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी मौत हो गई।
युवक के पास मिले मोबाइल से शव की पहचान बिहार के जिला लखीसराय निवासी के रूप में की गई है। पुलिस ने परिजनों को युवक की मौत की सूचना दे दी है। गांगरौल के कुछ लोग मंगलवार सुबह स्टेशन की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान लोगों ने ट्रैक किनारे एक युवक को बेहोशी की हालत में देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और जीआरपी ने युवक को जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान जेब में मिले मोबाइल से हुई है।
पुलिस के अनुसार पवन (35) पुत्र रामेश्वर बिहार के बनीहारपुर, थाना पीली सराय बाजार जनपद लखीसराय का रहने वाला था। युवक की जेब से रेल का टिकट और मोबाइल मिला है। आशंका है कि युवक ट्रेन से गिर गंभीर रूप से घायल हो गया था। चोला चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव के अनुसार शव पीएम को भेज दिया गया है।