रघुनाथ गोसेवा समिति और वैश्य समाज, उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित अभिनंदन समारोह में शिरकत करने पहुंचे खाद्य एवं रसद मंत्री अतुल गर्ग ने गायों को चारा खिलाकर गोसेवा की। रघुनाथ गोशाला के संस्थापक घनश्याम बिहारी मित्तल ने मंत्री को गोशाला में 1000 हजार गाय रखने के स्थल का निरीक्षण कराया।
घनश्याम मित्तल ने गऊ ग्रास की रोटी और रुपये प्रतिदिन प्रति घर से प्राप्त करने की योजना के बारे में मंत्री को विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने गऊ ग्रास की रोटी योजना को सरकार द्वारा प्रोत्साहित करने के लिए आग्रह किया। मुख्य अतिथि अतुल गर्ग ने गोशाला के रखरखाव से प्रभावित होकर गोशाला के सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने संचालकों को आश्वस्त किया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस बारे में अवगत कराकर उनसे गोशाला के भ्रमण का आग्रह करेंगे। विशिष्ट अतिथि विमला सोलंकी ने भामाशाह का उदाहरण देकर वैश्य समाज के समर्पण भाव को समझाया।
मुख्य वक्ता डॉ. प्रदीप दीक्षित ने कहा कि देश में अनेकों धर्मशाला, मंदिर वैश्य समाज के समर्पण की मिसाल है। वैश्य समाज हमेशा धर्म को सम्मुख रखकर ही कार्य करता है। गोशाला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंघल ने मंत्री को स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया।
विधायक विमला सोलंकी को प्रबंधक प्रवीन ने स्मृति चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डा. अरुण प्रकाश गुप्ता ने किया।