छह माह में तीसरी बार यमुनापुरम बिजलीघर में ओसीबी फुंकने से आग लग गई। जोरदार धमाके के साथ लगी आग ने देखते ही देखते विराल रूप धारण कर लिया।
बिजली कर्मियों और फायर ब्रिगेड के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। आग लगने से ओसीबी पूरी तरह जल गईं। इसके चलते बिजलीघर से जुड़े क्षेत्र के करीब पांच हजार मकानों और दुकानों की बिजली गुल हो गई।
रविवार सुबह करीब 10.15 पर यमुनापुरम बिजलीघर में आग लगते ही 132 केवीए भूड़ बिजलीघर से ब्रेकडाउन कर दिया गया। । एक्सईएन डीसी शर्म ने बताया कि यमुनापुरम बिजलीघर की ओसीबी फट जाने से आग लग गई।
इसके कारण ब्रेकडाउन कर दिया गया। देर शाम तक आपूर्ति सुचारु कर दी गई। जल्द ही बिजलीघर की पुरानी ओसीबी को बदलवा दिया जाएगा।
पुलिस कंट्रोल रूम भी हुआ ठप
यमुनापुरम बिजलीघर में आग लगने से पुलिस कंट्रोल रूम भी करीब डेढ़ घंटे तक ठप रहा। करीब 10.15 बजे आग लगने के कारण आपूर्ति ठप हो गई थी।
कंट्रोल रूम में रखे यूपीएस के सहारे करीब 11.30 बजे तक काम चलता रहा। यूपीएस के डाउन हो जाने से करीब डेढ़ घंटे तक कंट्रोल रूम ठप रहा। इसके बाद जनरेटर से कंट्रोल रूम को सुचारु किया गया।
कंट्रोल रूम प्रभारी शाहनवाज हुसैन ने बताया कि बिजलीघर में आग लगने के कारण आपूर्ति ठप हो जाने से कंट्रोल रूम बाधित हो गया। जनरेटर से आपूर्ति सुचारु की गई।