घर से बुलाकर झोलाछाप को मारी गोली
डिबाई। कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-बदायूं हाईवे पर गांव कादरीबाग ईदगाह के पास बृहस्पतिवार देर रात एक झोलाछाप को घर से बुलाकर पेट में गोली मारकर घायल कर दिया गया। उसके गंभीर हालत में सीएचसी से हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। मामले में पुलिस ने घायल की पुत्री की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रधानी के चुनाव में रंजिश को लेकर गोली मारने की आशंका जताई जा रही है।
नगर के मोहल्ला ऊंची होलीगेट निवासी सिम्मी कुमारी ने तहरीर देकर बताया कि उसके पिता लेखराज (55) लोगों का इलाज करते हैं। बृहस्पतिवार देर रात करीब नौ बजे उनके मोबाइल पर किसी की कॉल आई थी। इसके बाद वह पैदल ही घर से कुछ देर में लौट कर आने की बात कहकर निकले थे। करीब 20 मिनट बाद उसके पिता ने भाई के फोन पर कॉल की और बताया कि उन्हें कादरीबाग ईदगाह के पास गोली मार दी गई है। सूचना पर पीड़िता का भाई मौके पर पहुंचा तो पिता के पेट में गोली लगी हुई थी। सूचना पर पहुंचे परिजन और स्थानीय लोग उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर गांव कसर निवासी दो भाई साजिद और सलीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चुनावी रंजिश में गोली मारने का अंदेशा
प्रधानी के चुनाव की रंजिश में लेखराज सिंह को गोली मारने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी सलीम गांव कसर से चुनाव लड़ा था। जबकि लेखराज सिंह अन्य प्रत्याशी के समर्थन में थे। सलीम चुनाव हार गया था, इसी बात को लेकर दोनों भाई लेखराज से रंजिश मानते थे।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है, जल्द ही सच्चाई पता कर ली जाएगी। - वंदना शर्मा, सीओ डिबाई