खुर्जा के जंक्शन मार्ग स्थित फैक्ट्री में आग लगने के बाद घटनास्थल पर मौजूद अग्निशमन की गाड़ी ।
खुर्जा। टैना गोसपुर गांव के पास गत्ता फैक्टरी के गोदाम में आग लग गई। इसको बुझाने में दमकल की चार गाड़ियों को पांच घंटे का समय लग गया। इसमें फैक्टरी मालिक का लाखों रुपये का नुकसान हो गया। गनीमत रही कि कोई मजदूर आग की चपेट में नहीं आया।
सहायक अग्निशमन अधिकारी अवधेश सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे सूचना मिली कि जंक्शन रोड पर फैक्टरी में आग लग गई। सूचना पर तत्काल एक गाड़ी व एक टीम को भेजा गया। टैना गोसपुर गांव के पास अनुराग फैक्टरी के गत्ते के गोदाम में आग थी। आग बुझाने के लिए सिकंदराबाद व बुलंदशहर से भी एक-एक गाड़ी को बुलाया गया।
गोदाम में भारी मात्रा में गत्ते व अन्य फर्नीचर था, जिस कारण आग फैल रही थी। गनीमत रही कि गोदाम फैक्टरी परिसर से अलग था, जिससे आग ज्यादा नहीं फैल सकी और मजदूर सभी सुरक्षित रहे। मजदूरों के अनुसार उन्होंने गोदाम में धुआं उठते देखा तो मालिक को सूचना दी।
इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। अभी आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। आग लगने से गोदाम के ऊपर लगी टीन शेड टूटकर नीचे गिर गई। इससे आग को शांत करने में दिक्कत बनी रही। पानी को धीरे-धीरे नीचे से डाला गया। शाम करीब सात बजे के बाद ही आग पर काबू पाया गया। इसमें तीन जगह की तीन गाड़ी पहुंची थीं और एक गाड़ी को दोबारा भरवाकर बुलाया गया। वहीं, घटना को लेकर फैक्टरी मालिक ने जानकारी देने से इन्कार कर दिया।
मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। अभी आग लगने का कारण भी स्पष्ट नहीं हुआ है। - पूर्णिमा सिंह, सीओ खुर्जा।