साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र के दिल्ली-वजीराबाद रोड पर विक्रम एन्क्लेव में देर रात कार वर्कशॉप की छत पर आग लग गई। करीब एक घंटे तक धुआं और आग की लपटें देखकर आसपास के घरों में रहने वाले लोग डर कर बाहर आ गए। वहीं, सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
सीएफओ सौरभ सिंह ने बताया कि बंद कार वर्कशॉप में सोमवार को रात करीब एक बजे आग लगी और शुरूआत में धुएं छाया रहा, चंद मिनट बाद ही आग की लपटें निकलने लगीं। हालांकि आग कैसे लगे अभी तक पता नहीं चला। आग की सूचना पर दमकल की दो गाड़ी मौके पर भेजी गई और उन्होंने एक घंटे में काबू पा लिया। घटना के बाद वर्कशॉप के मालिक की जानकारी की तो पता चला कि वह कहीं दूसरी जगह रहता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। विक्रम एन्क्लेव निवासी गुड़िया ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में कार वर्कशॉप और गैराज चलने से खतरा बना रहता है। संजय यादव ने बताया कि इस गैराज में पहले भी आग लग चुकी है। इसके चारों तरफ मकान बने हुए हैं। निवासियों ने रिहायशी इलाके में चल रहे गैराज और वर्कशॉप बंद कराए जाने की मांग की।