खुर्जा के सराय मुर्तजा मोहल्ले स्थित घर में सिलिंडर फटने से आग लगने के बाद निकलता धुंआ। संवाद
खुर्जा। सराय मुर्तजा नई बस्ती मोहल्ला में मंगलवार शाम करीब चार बजे भोजन पकाते हुए सिलिंडर में आग लग गई। इसके बाद सिलिंडर धमाके के साथ फट गया और घर में आग लग गई।
आग लगने से घर में रखी लाखों रुपये नकदी व अन्य सामान जलकर राख हो गया। मोहल्ला निवासी यामीन ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं और उनका बेटा दिल्ली में रहता है। मंगलवार को वह मजदूरी करने गए हुए थे तो घर में उनकी पत्नी शायदा अकेली थीं। शाम करीब चार बजे उनकी पत्नी शायदा घर की पहली मंजिल पर रसोई में भोजन पका रही थीं। तभी गैस सिलिंडर में आग लग गई।
यह देख शायदा घबरा गईं और शोर मचाते हुए बाहर आ गईं। कुछ देर बाद तेज धमाके साथ सिलिंडर फट गया और आग पूरे घर में फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग फर्नीचर व कपड़ों तक पहुंच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सूचना पर यामीन भी अपने घर आ गए। घर में रखे लाखों रुपये नकदी, फ्रिज, फर्नीचर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई।
सहायक अग्निशमन अधिकारी अवधेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते के पांच मिनट बाद मौके पर पहुंच गए थे। मकान संकरी गली में था तो पाइप को अंदर ले जाया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
खुर्जा के सराय मुर्तजा मोहल्ले स्थित घर में सिलिंडर फटने से आग लगने के बाद निकलता धुंआ। संवाद