औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव बीहरा में मंगलवार सुबह सजायाफ्ता कैदी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने देर रात छोटे भाई की तहरीर पर चार नामजद समेत पांच हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि पुलिस दूसरे दिन भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
गांव बीहरा निवासी शिवकुमार शर्मा पर मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने पुरानी राशन डीलर की रंजिश के चलते खेतों पर जाते समय ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। छोटे भाई अशोक शर्मा ने रात 9 बजे अगौता थाने पहुंचकर चार आरोपियों को नामजद करते हुए पांच के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव निवासी कैलाश चंद शर्मा, मनोज, प्रभात, सुखदर्शन समेत एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अगौता थाना प्रभारी ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। कैदी हाईकोर्ट से जमानत के चलते जेल से बाहर था। पीड़ित शिवकुमार शर्मा के छोटे भाई अशोक शर्मा ने बताया कि बुधवार दोपहर में ऑपरेशन किया गया।
अशोक के अनुसार एक गोली रीड की हड्डी के पास जाकर फंस गई है। जो आपरेशन के बाद भी नहीं निकल सकी है। चिकित्सकों का दावा है कि यदि गोली को निकालने की कोशिश की गई तो पीड़ित को परेशानी हो सकती है। चिकित्सकों ने तर्क दिया है कि गोली फंसी रहने से ज्यादा दिक्कत नहीं होगी।
महिलाओं ने पुलिस कार्रवाई का किया विरोध
बताया गया कि बुधवार दोपहर अगौता थाना प्रभारी और फॉरेंसिक की टीम घायल शिवकुमार शर्मा के घर पर पहुंची। यहां उन्हें अनाज से भरे बोरे में खून लगा हुआ दिखाई दिया। शक के आधार पर पुलिस ने वहां मौजूद बोरो को पलटना शुरू किया तो वहां मौजूद महिलाएं भड़क उठीं। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सीओ सिटी प्रखर पांडेय से इसकी शिकायत की। हालांकि, पुलिस को वहां कुछ नहीं मिला।
- मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। - प्रखर पाण्डेय, सीओ सिटी