अनिल और टीना अंबानी प्रकरण में सीबीआई से जांच की मांग
बुलंदशहर। जहांगीराबाद कोतवाली में 16 मई को उद्योगपति अनिल अंबानी, उनकी पत्नी टीना अंबानी समेत 21 लोगों के खिलाफ दर्ज धोखाधड़ी के मामले में अब पीड़ित ने सीबीआई जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में उसने इलाहाबाद हाईकोर्ट अर्जी लगाई है। इस पर 29 जून को सुनवाई होनी है।
गौतमबुद्धनगर इलेक्ट्रॉनिक सिटी निवासी पवन कुमार ने न्यायालय के आदेश पर जहांगीराबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि अनिल अंबानी की विभिन्न कंपनियों ने करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपये का घोटाला किया है। यह विजय माल्या से भी दस गुना बड़ा घोटाला है। उसने इसके खिलाफ आवाज उठाई तो उसे धमकाया गया। 27 अप्रैल को जहांगीराबाद से लौटते वक्त कुछ लोगों उस पर जानलेवा हमला भी किया था। पीड़ित ने हाईकोर्ट में अर्जी लगाकर कंपनी पर डेढ़ लाख करोड़ रुपये के घपले का आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस सही विवेचना नहीं कर सकती। इसलिए केस सीबीआई को स्थानांतरित किया जाए। याचिका में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) को भी पक्षकार बनाया गया है। एसएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि 16 मई को न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।