जहांगीराबाद क्षेत्र में कांवड़ मार्ग पर गड्ढे भरते कर्मचारी। स्त्रोत --- विभाग
महाशिवरात्रि के अवसर पर जलाभिषेक करने वाले और कांवड़ लाने वाले शिवभक्तों को परेशानी न हो इसके लिए अधिकारियों ने कदम उठाया है। अमर उजाला में सड़कों में गड्ढों को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद अब अधिकारियों ने गड्ढे भरवाना शुरू कर दिया है। जल्द ही सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों को हटाया जाएगा।
26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों मेंं जलाभिषेक किया जाएगा। इससे पहले अनूपशहर, अहार समेत अन्य स्थानों से लाखों की संख्या में शिवभक्त कांवड़ उठाएंगे। शिवभक्तों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए कांवड़ मार्गों को गड्ढा मुक्त करने के साथ ही सड़क किनारे सफाई की जाती है। चार दिन पहले कांवड़ मार्गों में गड्ढों को लेकर अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई। जिसके बाद अधिकारियों को कांवड़ मार्गों के गड्ढे भरने की याद आई।
बुधवार को लोक निर्माण विभाग अधिकारियों ने अहार, जहांगीराबाद, अनूपशहर समेत अन्य क्षेत्रों के कांवड़ मार्गों के गड्ढे भरवाना शुरू कर दिया है। तीन दिन में सभी कांवड़ मार्गों पर काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों को भी काटने की तैयारी अधिकारियों ने शुरू कर दी है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने के लिए कार्य शुरू करा दिया है। जिस विभाग की सड़क है उनकी ओर से झाड़ियां काटने के लिए काम शुरू कराया जा रहा है।