बुलंदशहर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में चतुर्थ चरण के बाद खाली रह गई सीटों पर दाखिले के लिए पंचम चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को 13 से 15 अक्तूबर तक अपनी रैंक स्लिप का प्रिंट आउट लेकर हस्ताक्षरित प्रति संबंधित जनपद के किसी भी राजकीय आईटीआई में जमा करनी होगी। विभाग की ओर से चयन और दाखिले की प्रक्रिया 16 अक्तूबर तक पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सरकारी आईटीआई सहकारीनगर के प्रधानाचार्य राजेश गौतम ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा विभाग की ओर से पंचम चरण के लिए पूर्व में पंजीकृत गैर चयनित अभ्यर्थियों से नए विकल्प भरवाए गए थे। वहीं, नए अभ्यर्थियों से 11 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। विशेष सचिव, व्यावसायिक शिक्षा एवं अधिशासी निदेशक एससीवीटी अभिषेक सिंह की ओर से 12 अक्तूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गैर चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची संबंधित राजकीय आईटीआई को उपलब्ध करा दी गई है।
अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर पंचम चरण के लिए रैंक विकल्प पर क्लिक कर अपनी रैंक देख सकते हैं। इसके लिए पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। रैंक स्लिप का प्रिंट आउट लेकर उस पर हस्ताक्षर करने के बाद 15 अक्तूबर तक जनपद के किसी भी राजकीय आईटीआई, विशेषकर नोडल राजकीय संस्थान में जमा करना अनिवार्य होगा।
जनपद स्तरीय चयन के लिए अभ्यर्थी अपने गृह जनपद और अस्थायी पते से संबंधित जनपद की सीटों के लिए पात्र होंगे। पंचम चरण में सबसे पहले पूर्व पंजीकृत गैर चयनित अभ्यर्थियों को सीटों का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद रिक्त बची सीटों पर नए ऑनलाइन आवेदकों की मेरिट के आधार पर व्यवसाय आवंटित किए जाएंगे।