वायरल के 439 मरीज मिले, अस्पताल की ओपीडी में कतार
बुलंदशहर। मौसम में बदलाव के कारण जिले में वायरल मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में बुधवार को 253 वायरल रोगी मिले तो घर-घर सर्वे के दौरान 186 वायरल मरीजों की पुष्टि हुई। वहीं, दूसरी ओर वायर के मद्देनजर नगर पालिका की तरफ से रोस्टर बनाकर लगातार फॉगिंग कराई जा रही है। बृहस्पतिवार को वार्ड दो शांति निकेतन और वार्ड चार देवीपुरा (बाल्मिकी बस्ती) में फॉगिंग कराई जाएगी। सीएमओ का कहना है कि कोविड गाइड लाइन का पालन कर वायरल से बचा जा सकता है।
जिले में अभी तक एक डेंगू और डेंगू का एक संदिग्ध केस मिल चुका है, जबकि दो मलेरिया के मरीजों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से घर-घर चलाए जा रहे सर्वे में अभी तक 1745 बुखार के मरीज मिले हैं। इसके बाद भी वायरल के रोगियों समेत मौसमी बीमारियों के मरीजों की प्रतिदिन जिला अस्पताल में लाइन लग रही है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1170 लोगों ने पंजीकरण कराकर उपचार कराया। इसमें 253 मरीज वायरल बुखार के शामिल रहे। वहीं, अन्य मरीजों में एआरवी, नेत्र, ईएनटी, चर्म रोग और आर्थोपेडिक आदि के शामिल रहे।
82,094 घरों का हुआ सर्वे
एसीएमओ और नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की 1416 टीम द्वारा प्रतिदिन घरों का सर्वे कर वायरल पीड़ितों को चिह्नित किया जा रहा है। बुधवार को टीम द्वारा 82,094 घरों का सर्वे किया गया। इस दौरान बुखार से पीड़ित मिलने पर दवा की किट वितरित की गई।
नहीं मिला कोरोना का केस
एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में सक्रिय केस शून्य हैं। बुधवार को किसी भी व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। बुधवार को एंटीजन किट और आरटीपीसीआर सैंपल लेकर करीब 1500 लोगों की जांच की गई। जांच में सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
डेंगू के संदिग्ध मरीज के गांव में लगा शिविर
सोमवार को बुखार पीड़ित एक किशोरी में एनएस-1 किट से जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य अफसरों द्वारा एलाइजा टेस्ट के लिए सैंपल मेरठ भेजा गया। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बीके श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल किशोरी का मेरठ मेडिकल में उपचार चल रहा है। किशोरी के परिजन समेत गांव में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर लगाया गया। इस दौरान 13 संदिग्ध लोगों की एनएस-1 किट से जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोट
डेंगू, मलेरिया और वायरल रोगियों की पुष्टि के लिए सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को अभियान के तहत 186 वायरल पीड़ित मिले, जिन्हें दवा दी गई।
- डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ
रोस्टर के साथ कराई जा रही फॉगिंग
मौसम में हुए बदलाव से बीमारियों का प्रकोप बढ़ने पर पालिका नगर क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से फॉगिंग करा रही है। पालिका 14 वार्ड में फॉगिंग करा रही है, जबकि, 23 वार्ड में साफ सफाई का जिम्मा ठेके पर दिया गया है, वहां संबंधित ठेकेदार फॉगिंग आदि करा रहे हैं। पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग ने बताया कि तीन मशीने से फॉगिंग करवाई जा रही है। सफाई कर्मियों से एंटी लार्वा का भी छिड़काव कराया जा रहा है। बुधवार को वार्ड-28 और वार्ड-30 ईटारोड़ी में फॉगिंग कराई गई। बृहस्पतिवार को वार्ड-दो शांति निकेतन और वार्ड-चार देवीपुरा (बाल्मिकी बस्ती) में फॉगिंग कराई जाएगी।