यमुनापुरम स्टेडियम में फुटबाल मैच खेलते खिलाड़ी। - स्रोत, खेल विभाग।
बुलंदशहर। राष्ट्रीय खेल दिवस को लेकर सोमवार को नगर के यमुनापुरम स्टेडियम में फुटबाल प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन आयोजित मैचों में सिकंदराबाद की एफसी टीम और नगर के टांडा स्टेडियम की टीम ने जीत हासिल की।
नगर के यमुनापुरम स्टेडियम में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता का नगर मजिस्ट्रेट सत्यप्रकाश ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि का बैज लगाकर स्वागत कर मैच शुरू करवाया। संचालन कर रहे सुखदेव शर्मा सभासद ने बताया कि पहले दिन दो मैच खेले गए। इसमें पहला मैच सिकंदराबाद सिटी एफसी व ईस्माइलपुर सिटी राजकीय स्कूल की टीम के बीच हुआ। एफसी की टीम ने पांच-शून्य से मैच जीता। दूसरा मैच नगर के टांडा स्टेडियम और आजाद स्कूल की टीम के बीच हुआ। इसमें टांडा स्टेडियम ने तीन-दो से मैच जीता। मैच में कुश्ती प्रशिक्षक कुलविंदर सिंह, कबड्डी प्रशिक्षक नेत्रपाल सिंह, एथलेटिक्स प्रशिक्षक पूजा, खो-खो प्रशिक्षक अल्पना त्यागी, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सचिन शुक्ला, फुटबाल संघ के सचिव चाणक्य यादव और जिला जूडो एसोसिएशन के सचिव कमल यादव समेत अन्य कोच व खिलाड़ी मौजूद रहे।