बुलंदशहर। बीबीनगर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के खाते की जानकारी हासिल कर आरोपी पिता-पुत्र ने फर्जी यूपीआई बना ली। साथ ही इस यूपीआई के माध्यम से पीड़ित के खाते से सात लाख रुपये से अधिक की रकम अन्य खातों में ट्रांसफर कर ली। पीड़ित जब रुपये निकालने के लिए बैंक पहुंचा तो उसे इस बाबत जानकारी हुई। अब एसएसपी को शिकायती पत्र देकर पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई है।
मूलरूप से बीबीनगर क्षेत्र निवासी देवेंद्र उर्फ बिजेंद्र ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनका एचडीएफसी बैंक की बीबीनगर शाखा में खाता खुला हुआ है। इस खाते में करीब 8.12 लाख रुपये जमा थे। इसमें से एक लाख रुपये उसने अपने खर्चों के लिए निकाल लिए थे। कुछ माह पहले वह गुलावठी आकर रहने लगा। यहां मोहल्ला सराय कालोनी के एक व्यक्ति से उनकी मुलाकात हुई। इसके बाद आरोपी व्यक्ति ने अपने पुत्र के साथ मिलकर उसके बैंक की पासबुक और एटीएम कार्ड का फोटो ले लिया। आरोपियों का कहना था कि पासबुक-एटीएम आदि खोने की स्थिति में नया बनवाने में आसानी होगी। पीड़ित भी आरोपियों के झांसे में आ गया था। इसके बाद आरोपियों ने उसके खाते की यूपीआई बनाकर उसमें से 7.12 लाख रुपये दो अन्य लोगों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित को बैंक जाने पर खाते से आरोपियों द्वारा रुपये निकाले जाने का पता चला। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसएसपी ने मामले में जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।