फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: चारू की मौत के बाद जागे अधिकारी, नाले ढकने पर खर्च होंगे 1.20 करोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर। 28 जुलाई को नगर के मोहल्ला साठा में बारिश के दौरान नाले में बहने से चारू की मौत के बाद अब अधिकारियों की आंखें खुलीं हैं। शुक्रवार को आयोजित बोर्ड बैठक में नालों को ढकने के लिए 1.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। इस दौरान सभासदों ने 45 प्रस्तावों को बहुमत के साथ पास कर दिया। बैठक में सांसद भोला सिंह के प्रतिनिधि संजीव गुप्ता भी पहुंचे लेकिन नियमों का हवाला देकर उन्हें बैठक से बाहर कर दिया। जिसके चलते बोर्ड बैठक एक घंटे देरी से शुरू हुई।
विज्ञापन

शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 45 प्रस्तावों पर सभासदों ने चर्चा करते हुए उन्हें स्वीकृति दे दी। 28 जुलाई को नगर के मोहल्ला साठा में नाले में बहने से 11 वर्षीय छात्रा चारू कश्यप की मौत के बाद अब अधिकारियों ने नालों को ढकने के लिए योजना तैयार की है।
शहर के करीब 45 किमी लंबे नालों में से 70 फीसदी नाले ढके हुए हैं लेकिन शेष नालों को ढकने के लिए 1.20 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें 80 लाख रुपये की लागत से स्लैब डालने और 40 लाख रुपये की लागत से लोहे के जाल डालने का काम किया जाएगा। इसके अलावा शहर के नालों का टॉपिकल सर्वे कराने का प्रस्ताव पास किया गया है। इस सर्वे में शहर में होने वाले जलभराव और नाले के ढलान की जांच कराई जाएगी। बैठक में चारू की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
विज्ञापन


सांसद प्रतिनिधि के कारण 45 मिनट देरी से शुरु हुई बैठक
बोर्ड बैठक शुरू होने से पहले ही सांसद भोला सिंह के प्रतिनिधि संजीव गुप्ता हॉल में पहुंच गए। इस दौरान सभासदों ने इसका विरोध किया तो संजीव गुप्ता ने लिखित में बाहर करने की अनुमति मांगी। करीब 45 मिनट बाद शासनादेश की कॉपी सांसद प्रतिनिधि को उपलब्ध कराई गई। इसके बाद वह बोर्ड बैठक से बाहर गए। इसके चलते निर्धारित समय करीब दो बजे के बजाए 2.45 बजे बोर्ड बैठक शुरू हुई।

महिला सभासदों ने जताई आपत्ति तो भिड़े सभासद
बोर्ड बैठक के दौरान महिला सभासद प्रज्ञा, नूरी नाज, कल्पना और शायदा ने वाहनों के रिपेयर, टायर खरीद और डीएवी फ्लाईओवर से वलीपुरा मोड तक लाइटों के लिए सामान खरीदने और नए खंभे लगाने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताई। इस दौरान सभासद सुभाष भाटी ने कहा कि यह पूरे शहर की समस्या है। इसे दूर करना चाहिए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से कहासुनी हुई। बाद में सभासदों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद चारों महिला सभासदों ने कुल छह प्रस्तावों के लिए अपनी आपत्ति लिखित में दर्ज कराई।

काला आम से स्याना अड्डा रोड के गड्ढों से मिलेगी राहत
काला आम से काली नदी होते हुए स्याना अड्डा की ओर जर्जर सड़क से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बोर्ड बैठक के दौरान 1.75 करोड़ रुपये की लागत से जर्जर सड़क की टाइल्स से मरम्मत कराने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से अन्य स्थानों पर नालों और सड़कों का निर्माण, मरम्मत की जाएगी।

जहां हुआ हादसा, वहां बनेगा अब कवर्ड नाला
28 अप्रैल को नगर के भूतेश्वर मंदिर के सामने जहां 11 वर्षीय चारू कश्यप की नाले में बहने से मौत हुई, वहां अब करीब 96 लाख रुपये की लागत से कवर्ड नाला बनाया जाएगा। बोर्ड बैठक में 38 लाख रुपये की लागत से महाकालेश्वर मंदिर से रोड क्रॉसिंग तक और 58 लाख रुपये की लागत से भूतेश्वर मंदिर के पास से शेल्टर होम होते हुए काली नदी तक कवर्ड नाले का निर्माण कराया जाएगा।

10 वार्डों में सफाई के लिए होगा नया ठेका
नगर के 10 वार्डों में सफाई व्यवस्था के लिए पुराने चले आ रहे ठेके को 31 अगस्त को समाप्त कर दिया जाएगा। इसके बाद अब नए ठेकेदार के माध्यम से 300 कर्मचारियों की आपूर्ति कराई जाएगी। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने बैठक में पहुंचकर मांग की कि नए ठेकेदार के आने पर पुराने कर्मचारियों को नौकरी से न निकाला जाए। इस पर सभासदों ने भी कर्मचारियों की आवाज को सही बताया। कर्मचारियों की अन्य मांगों पर भी बोर्ड ने उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया।

सेना के जवानों को टैक्स में छूट की मांग
नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले सेना के जवानों को टैक्स में छूट देने के लिए सभासद नीरज चौधरी ने मांग रखी। इस दौरान सभासद योगेश गुप्ता, सुनील शर्मा, सुखदेव शर्मा, अजय कुमार, देवपाल, त्रिभुवन, निक्की चौधरी समेत अन्य सभासदों ने बहुमत से सेना के जवानों को टैक्स में छूट देने की मांग की। इसके अलावा सभासद देवपाल ने टैक्स रजिस्टर मैनटेन न होने को लेकर टैक्स कमेटी गठन की मांग की। सुभाष भाटी ने कहा कि कई मकानों में ऐसे बच्चे रह रहे हैं, जिनके मां-बाप नहीं हैं, ऐसे में उन्हें भी टैक्स में छूट का लाभ दिया जाए। साथ ही बैठक के दौरान टैक्स विभाग से कोई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद न होने पर सभासदों ने नाराजगी जताई। इस पर प्रभारी नगर पालिका ईओ ने उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का आश्वासन दिया।


कोट -
बैठक शांतिपूर्वक हुई है। कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के लिए काम किया जाएगा। शहर के नालों को भी ढका जाएगा। इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। शहर के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। - दीप्ति मित्तल, अध्यक्ष, नगर पालिका
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें