नवीन मंडी स्थित गुलावठी सहकारी संघ के गेंहू क्रय केंद्र पर किसानों को भुगतान नही मिलने से आवक कम हो गई है। कई किसान अपना गेहूं तौल कराकर खाते में पैसा पहुंचने का इंतजार कर रहे है।
किसान सतवीर सिंह निवासी बरमदपुर ने बताया कि उनका 65 हजार 400 रुपये केंद्र पर बकाया है। वहीं, देवप्रकाश निवासी ग्राम अटटा 42 हजार 916 रुपये, जय शंकर ग्राम सधारनपुर का 42 हजार 266 रुपये आदि का बकाया है।
इसी तरह किसानों का करीब 22 लाख रुपये क्रय केद्र पर बकाया है। इसके चलते किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सहकारी संघ गुलावठी का खरीद लक्ष्य 15 जून तक 10 हजार क्विंटल है।
एक अप्रैल से 20 अप्रैल तक मात्र 1838 क्विंटल खरीद हुई है। केंद्र प्रभारी अनिल त्यागी ने इन किसानों की शिकायतों की पुष्टि करते हुए कहा कि अब तक कुल 8 लाख रुपये उन्हें मिला है। जबकि 30 लाख रुपये का गेंहू खरीदा जा चुका है।
इसके चलते किसान क्रय केंद्र पर गेहूं लाने से बच रहें है। केंद्र प्रभारी अनिल त्यागी ने बताया कि पीसीएफ के जिला प्रबंधक एवं एआर सहकारिता को सूचित कर चुके है। गेहूं की डिलीवरी में समस्या आ रही है। इसके अलावा डिलीवरी के लिए एफसीआई के गोदामों पर उतराई ढाला एवं अन्य सुविधाओं के नाम पर खर्चा करना पड़ता है। जिसके संबंध में भी उन्होंने प्रबंधक पीसीएफ को भी अवगत करा दिया है।