स्याना। खाद्य विभाग की टीम ने नगर में छापेमारी कर भारी मात्रा में खुला नूडल व नूडल मसाला नष्ट कराया है। विभागीय जांच में खुलासा हुआ है कि नूडल को पैकेट से खोलकर बाजार में बेचा जा रहा था। जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार को नूरी का तकिया और फिरोज के गोदाम में एक्सपायर खुला नूडल रखे होने की सूचना मिली थी। पुलिस के साथ विभाग की टीम ने जब छापेमारी की, तो गोदाम से तीन ट्राली एक्सपायरी खुला नूडल व दो ट्राली एक्सपायरी नूडल मसाला मिला। बताया कि व्यापारी फिरोज द्वारा एक्सपायरी हो जाने पर नूडल के पैकेट खोलकर बाजारों में बेचा जा रहा था। जब्त किए गए एक्सपायरी नूडल और उसके मसाले को नगर के बुगरासी मार्ग स्थित डंपिंग ग्राउंड पर जेसीबी मशीन से नष्ट कर दिया गया। इस दौरान बुलंदशहर सदर खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार, शिकारपुर खाद्य सुरक्षा अधिकारी राममिलन राणा व कोतवाली पुलिस बल मौजूद रहा।