डेयरी के अंदर ट्रांसफार्मर लगाकर सीधे हाईटेंशन लाइन से चोरी करने वाले संचालक पर बिजली विभाग करीब एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाने की तैयारी कर रहा है। आरोपी हर माह करीब पांच लाख रुपये की बिजली चोरी कर रहा था। इसकी एवज में आरोपी बिजली कर्मियों को हर माह करीब 50 हजार रुपये घूस देता था।
एचटी लाइन से ट्रांसफार्मर को जोड़ने के दौरान शटडाउन करने वाले दोनों आरोपी बिजली कर्मियों को भी नौकरी से हटा दिया गया है। शिकारपुर क्षेत्र के चित्सौन बिजलीघर क्षेत्र के अंतर्गत पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति जगदीश गिरी की राजदीप फूड प्रोडक्ट्स के नाम से डेयरी थी।
31 मई को शिकारपुर एक्सईएन पीके सिंह के नेतृत्व में डेयरी पर छापेमारी के दौरान बड़े स्तर पर बिजली चोरी पकड़ी गई। पूरे प्लांट को सीधे एचटी लाइन से ट्रांसफार्मर कनेक्ट कर चलाया जा रहा था। डेयरी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। डेयरी संचालक के खिलाफ 95 किलोवोट की बिजली चोरी को लेकर करीब एक करोड़ रुपये का असेसमेंट जारी करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
हर माह करीब पांच लाख रुपये की बिजली चोरी की जा रही थी। वहीं, बिजलीघर के दो कर्मचारी एसएसओ जितेंद्र गिरी और लाइनमैन गंगाशरण गिरी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। जांच में पता चला है कि लाइनमैन गंगाशरण एचटी लाइन को ट्रांसफार्मर से कनेक्ट करता था और एसएसओ जितेंद्र गिरी इस दौरान बिजलीघर से शटडाउन ले लेता था।
लापरवाही में जेई अशोक कुमार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि डेयरी संचालक को हर माह पांच लाख रुपये की बिजली चोरी कराने की एवज में करीब 50 हजार रुपये की घूस दी जाती थी। एसई ने एक्सईएन शिकारपुर को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।