खुर्जा। माता घाट कॉलोनी में निर्माणाधीन सड़क में खराब सामग्री मिलने पर ईओ नगर पालिका मोहम्मद अनवर हुसैन ने नाराजगी जताई। साथ ही जेई सिविल को संबंधित निर्माता फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। इस दौरान फर्म मालिक भी मौके पर नहीं पहुंच सके।
माता घाट कॉलोनी निवासी नरेश ने बताया कि कॉलोनी में काफी समय से सड़क खराब थी और नाली नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या रहती थी। ऐसे में कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से सड़क व नाली बनवाने की मांग की गई। इसी के चलते जनवरी माह में इसकी मंजूरी मिल गई और निकाय क्षेत्र की कॉलोनियों में सड़क के लिए बजट जारी हुआ।
इसमें शेख आलम सराय मोहल्ला में 1100 मीटर लंबी सड़क पर इंटरलॉकिंग कार्य और सीमेंटेड नाली का प्रस्ताव पास हुआ था। नगर पालिका की ओर से इसमें एक फर्म का निर्माण का टेंडर दिया। इसमें संबंधित फर्म की ओर से निर्माण में खराब सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसको लेकर ईओ नगर पालिका से शिकायत की गई। इसी के आधार पर शुक्रवार को ईओ व नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान फर्म मालिक मौके पर नहीं मिले, लेकिन कर्मचारी कार्य कर रहे थे। जहां पर निर्माण सामग्री (रेत, सड़क के नीचे लगने वाली मिट्टी व पत्थर) में कमी मिलने पर ईओ ने कर्मचारियों को फटकार लगाई। इसके बाद अन्य जगह पर भी निरीक्षण किया गया। जहां पर नाली के निर्माण में भी खराब सामग्री मिली।
अन्य लोगों पर भी गिरेगी गाज
नगर पालिका ईओ ने बताया कि कई जगह निर्माणाधीन स्थलों पर टीम जांच कर रही हैं। शिकायत के आधार पर निर्माणाधीन सड़क, नाली, पुलिया और दीवारों के सैंपल लिए जा रहे हैं। इसमें कमी मिलने पर संबंधित फर्मों को नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
शिकायत के आधार पर जेई सिविल के साथ मौके पर औचक निरीक्षण किया गया। जहां देखा गया कि नाली के निर्माण में खराब सामग्री लगाई गई और सड़क निर्माण में खराब सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। इंटरलॉकिंग टाइल्स भी काफी खराब थी। ऐसे में फर्म पीके कंस्ट्रक्शन के खिलाफ नोटिस जारी करने और ब्लैक लिस्ट करने के लिए जेई को निर्देश दिए गए हैं। - मोहम्मद अनवर हुसैन, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका