बुलंदशहर। कलक्ट्रेट, जिले की सातों तहसील और सभी सरकारी कार्यालयों में अब मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से कर्मचारियों की हाजिरी लगेगी। इसके लिए कर्मचारी को एप्लीकेशन में दर्ज जीपीएस लोकेशन के 50 मीटर दायरे में रहकर हाजिरी लगानी होगी। फिलहाल विभिन्न कार्यालयों में तैनात 750 कर्मचारियों की एप के माध्यम से हाजिरी शुरू हो गई है। शेष विभागों में भी एक सप्ताह में व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
सरकारी कार्यालयों में अभी तक कर्मचारी रजिस्टर में हस्ताक्षर कर हाजिरी लगाते थे। कई बार कर्मचारी हाजिरी लगाकर कार्यालय से नदारद हो जाते थे। समय-समय पर किए गए निरीक्षण में कई कर्मचारी गायब मिले थे। इसके चलते डीएम श्रुति ने कलक्ट्रेट, सातों तहसील के साथ जिले के अन्य विभागों के कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की फेस हाजिरी शुरू कराने के लिए कदम उठाया था। इसके लिए एनआईसी का एक एप्लीकेशन तैयार किया गया।
इसमें कर्मचारियों का डाटा फीड करते हुए कार्यालय की जीपीएस लोकेशन भी फीड की गई। एनआईसी जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी मयंक गोयल ने बताया कि फिलहाल कलक्ट्रेट, जिले की सातों तहसील, विकास भवन स्थित अधिकतर कार्यालय, डीआईओएस, बीएसए कार्यालय में तैनात कर्मचारियों का ब्योरा ऑनलाइन फीड करते हुए हाजिरी की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। शेष विभागों के कर्मचारियों की ऑनलाइन हाजिरी की प्रक्रिया चल रही है।
घर बैठे और कार्यालय से बाहर होने पर नहीं लगा सकेंगे हाजिरी
अब कर्मचारियों को घर बैठे और कार्यालय से बाहर होने पर भी हाजिरी लगाने की सुविधा नहीं मिलेगी। एप्लीकेशन में संबंधित कर्मचारी के तैनाती स्थल की जीपीएस लोकेशन भी फीड की गई है। कर्मचारी को कार्यालय या कार्यालय के 50 मीटर की परिधि में आकर हाजिरी लगाते हुए फेस दिखाकर हाजिरी को वेरिफाई किया जाएगा। 50 मीटर परिधि के बाहर एप्लीकेशन कर्मचारी की हाजिरी को स्वीकार ही नहीं करेगा।
कलक्ट्रेट के कार्यालयों में एप के माध्यम से हाजिरी लगनी शुरू हो गई है। तहसील स्तर पर अधिकारी और कर्मचारियों की फेस हाजिरी लगाने के लिए काम लगातार जारी है। कुछ विभागों के कर्मचारियों का डाटा फीड होना शेष है। जहां काम पूरा हो चुका है, वहां फेस हाजिरी की शुरुआत की जा चुकी है। अगले एक सप्ताह में शेष कार्य को भी पूरा कर लिया जाएगा। -श्रुति, डीएम