अनूपशहर में बिजलीघर पर लगे नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन करते विधायक व पालिका अध्यक्ष। संवाद
अनूपशहर। देहात और जिनाई स्थित 33/11 केवीए के बिजलीघरों में पुराने पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर को बदलकर अब 10 एमवीए क्षमता के नए ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। बुधवार को विधायक संजय शर्मा ने दोनों ट्रांसफार्मर का शुभारंभ किया। नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद अब उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से परेशान नहीं होना पड़ेगा।
बिजलीघर पर पांच-पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर लगे होने और लोड अधिक होने के चलते उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से परेशानी होती थी। समस्या के समाधान के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने इनकी क्षमता वृद्धि करते हुए दस-दस एमवीए का करा दिया है। बुधवार को देहात और जिनाई स्थित बिजलीघरों पर लगाए गए नए ट्रांसफार्मर का विधायक संजय शर्मा ने शुभारंभ किया। इससे अब जिनाई बिजलीघर से जुड़े नौ गांव के 2,700 उपभोक्ताओं और अनूपशहर देहात बिजलीघर से जुड़े 22 गांवों के 6,500 उपभोक्ताओं को बिजली कटौती से लाभ मिलेगा। इस अवसर पर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता एसके मिश्रा, उपखंड अधिकारी कपिल भारद्वाज, पवित्र कौशिक, विनीत बंसल, संजू शर्मा, दीपांश गर्ग और गोविंद अग्रवाल मौजूद रहे।